गाजियाबाद (युग करवट)। नगर निगम के नामित पार्षदों ने नगरायुक्त विक्रमादित्य सिंह से मुलाकात की। बैठक के दौरान नगरायुक्त ने स्पष्ट किया कि पार्षद स्थानीय प्रशासन की प्रथम कड़ी हैं। जिनके माध्यम से जन समस्याएं सीधे निगम तक पहुंचती हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि पार्षदों को उनके दायित्वों के निर्वहन में सभी विभागों का पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा तथा क्षेत्रीय समस्याओं और विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से निस्तारित किया जाएगा। नगरायुक्त ने यह भी बताया कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच सुदृढ़ समन्वय ही शहर के समग्र विकास का आधार है। नामित पार्षदों ने भी विश्वास जताया कि वह निगम प्रशासन के साथ समन्वित प्रयासों के माध्यम से जन आकांक्षाओं पर खरा उतरते हुए विकास कार्यों को नई गति देंगे। इस अवसर पर मुख्य अभियंता एनके चौधरी, सुनील यादव, प्रदीप चौधरी, सदार पम्मी, संजय रावत, सुमन जाटव, अंकुश अरोड़ा उपस्थित रहे। पार्षदो ने महापौर सुनीता दयाल से भी मुलाकात की।