गाजियाबाद (युग करवट)। जीडीए अब नए भवनों के मानचित्र सभी स्वीकृत करेगा जब उसमें सौर उर्जा पैनल लगवाने की जगह को चिन्हित किया जाएगा। यानि नए भवनों में अब सोलर पैनल लगवाना अनिवार्य किया गया है। हाल ही में डीएम रविन्द्र कुमार मादंड़ ने इस सम्बंध में पत्र जारी कर सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए भवन निर्माण में सोलर पैनल को अनिवार्य किया गया था। इसके बाद जीडीए ने इस सम्बंध में अनिवार्य रूप से यह व्यवस्था लागू की है। सीडीओ अभिनव गोपाल ने बतााय कि जिले में सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने व भवन निर्माण को पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए ऐसा किया जा रहा है। वहीं जीडीए अधिकारियों का कहना है कि पीएम सूर्य घर योजना के तहत भवन स्वामी को अपने भवन के क्षेत्रफल के अनुसार सिक्योरिटी के रूप में राशि मानचित्र स्वीकृति के समय जमा करानी होगी। यह राशि सोलर पैनल स्थापित करने के बाद आवेदक को वापस कर दी जाएगी। इसमें दो सौ से 500 वर्ग मीटर भवन के लिए 20 हजार रूपए, 500 से 1000 वर्ग मीटर के लिए 50 हजार रुपए, 1000 से 5000 वर्ग मीटर के लिए एक लाख रुपए और पांच हजार वर्ग मीटर से अधिक के लिए दो लाख रुपए सिक्योरिटी मनी के रूप में जमा कराने होंगे। यह व्यवस्था जीडीए ने एक अप्रैल से प्रभावी कर दी है।