गाजियाबाद (युग करवट)। नगर निगम द्वारा हाउस टैक्स में की गई भारी वृद्धि के विरोध में महानगर उद्योग व्यापार मंडल का घंटाघर स्थित शहीद भगत सिंह चौक पर चल रहा धरना दूसरे दिन स्थगित कर दिया गया। यह निर्णय नगर निगम अधिकारियों द्वारा दिए गए आश्वासनों के बाद लिया गया। धरना स्थल पर नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर अपर नगर आयुक्त अविंद्र कुमार, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी एसके राय और जोनल प्रभारी आरपी सिंह पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और वार्ता की। वार्ता के बाद अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि हाउस टैक्स से संबंधित कोई एसएमएस या संदेश नागरिकों को नहीं भेजा जाएगा और न ही नगर निगम की ओर से टैक्स वसूली के लिए गाडिय़ों से एनाउंसमेंट कराया जाएगा। साथ ही हाउस टैक्स वृद्धि का प्रस्ताव शासन स्तर पर पुनर्विचार के लिए भेजा जाएगा और आवासीय व व्यावसायिक दरों में कमी करने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए तीन माह का समय मांगा गया है। इन आश्वासनों के बाद व्यापारियों ने धरना स्थगित करने का निर्णय लिया।