नोएडा (युग करवट)। चैत्र नवरात्रि के अवसर पर गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में संगठित अपराध को समाप्त करने के साथ-साथ महिलाओं को सुरक्षित माहौल देने के लिए भी ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने गौर सिटी-2 स्थित 28 वें पुलिस पिंक बूथ का शुभारंभ किया। इस मौके पर पुलिस आयुक्त ने कहा कि महिलाएं अपनी शिकायत छिपाने के बजाय पिंक बूथ पर जाकर बता सकती हैं। कमिश्नरेट के हर कोने में पिंक बूथ खोले जा रहे हैं। वर्तमान में 28 पिंक बूथ संचालित हो रहे हैं। महिला और युवतियां अपनी समस्याओं को पिंक बूथ पर जाकर बता रही हैं। महिला पुलिस कर्मियों को समस्या बताने में कोई हिचक भी नहीं होती है। इस मौके पर अपर पुलिस आयुक्त अजय कुमार, डीसीपी शक्तिमोहन अवस्थी, डीसीपी महिला अनुकृति शर्मा, एडीसीपी आरके गौतम, एसीपी पवन कुमार आदि मौजूद रहे।