गाजियाबाद (युग करवट)। मेरा युवा भारत, गाजियाबाद द्वारा शहीद दिवस के अवसर पर मोदीनगर के एमएम कॉलेज में पदयात्रा व संगोष्ठी का आयोजन किया गया। केन्द्र के संयुक्त निदेशक देवेंद्र कुमार ने कहा कि युवाओं को अमर शहीदों के साहस, समर्पण और बलिदान से प्रेरणा लेकर उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। 23 मार्च केवल एक तिथि नहीं, बल्कि एक दृढ़ संकल्प का प्रतीक है, यह हमें स्मरण कराता है कि आज़ादी अनगिनत संघर्षों और बलिदानों का परिणाम है। एनएसएस अधिकारी डॉ.अमर कश्यप ने कहा कि शहीदों का त्याग हमें न केवल देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत करता है, बल्कि समाज के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने और उन्हें निभाने की प्रेरणा भी देता है। इसके उपरांत पदयात्रा निकाली गई जिसमें छात्रों व शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। संगोष्ठी में वक्ताओं ने शहीदों के बलिदान व आदर्शो पर विचार व्यक्त किए। कॉलेज के शिक्षकों को उनके योगदान के लिए सम्मान प्रतीक भेंट किए गए। कार्यक्रम में लेखा सहायक तुषार वर्मा, प्रकाश तिवारी, अंकित, मुकुल, दीपा आदि मौजूद रहीं।