करोड़ों की नगदी बरामद
मुजफ्फरनगर (युग करवट)। आयकर विभाग द्वारा मेसर्स बिंदल्स पेपर मिल्स लिमिटेड और उसके निदेशक समूह से सम्बंधित लोगों पर छापेमारी की गर्ई। छापेमारी की कार्रवाई अभी जारी है। फिलहाल छापेमारी में विभाग ने करीब तीन करोड़ रुपए से अधिक की नगदी और 15 करोड़ रूपए कीमत के जेवरात बरामद किए हैं। विभागीय सूत्रों के मुताबिक जांच में यह भी सामने आया है कि गन्ने की खोई तथा अन्य कच्चे माल की बड़ी मात्रा में अघोषित खरीद की गई है। कागज उत्पादन से जुड़े कारोबार में लगभग पचास करोड़ रुपये से अधिक की संदिग्ध अथवा फर्जी खरीद, और समूह द्वारा चीनी और कागज दोनों क्षेत्रों में वास्तविक लाभ को छिपाने का प्रयास किया गया। जांच के दौरान कागज की अघोषित बिक्री से संबंधित तथ्य भी सामने आए हैं। जिसमें 171.3 करोड़ की चोरी का दावा किया गया है। इस मामले में विभाग समूह के प्रमुख कर्मचारियों से पूछताछ में जुटा हुआ है। जिसमें कर्मचारियों ने अपने बयान में बताया कि कागज इकाई, विद्युत संयंत्र और चीनी इकाई के लिए अलग-अलग लेखा- पुस्तकें नहीं रखी जा रही थीं। तलाशी के दौरान बीपीएमएल के कार्यालयों अथवा निदेशकों के आवास से भी इन इकाइयों से संबंधित अलग-अलग लेखा-पुस्तकें नहीं मिली।