लखनऊ (युग करवट)। उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधी दस्ते ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए आतंकी संगठन आईएस के ऑनलाइन मॉड्यूल से जुड़े एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सहारनपुर निवासी हारिश अली के रूप में हुई है, जिसने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से बीडीएस की पढ़ाई पूरी की थी।
एटीएस की जांच के अनुसार, हारिश अली कट्टरपंथी विचारधारा को बढ़ावा देने और नए लोगों को संगठन में भर्ती करने के लिए सक्रिय था। उसने इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए अल इत्तिहाद मीडिया फाउंडेशन नाम से एक डिजिटल प्लेटफॉर्म बनाया था। इस फाउंडेशन के जरिए वह भडक़ाऊ सामग्री प्रसारित कर युवाओं को गुमराह करने और उन्हें आतंकी गतिविधियों से जोडऩे का काम कर रहा था।