नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। यातायात को सुगम बनाने के लिए गांव मोरटी, अधीर, शाहपुर आदि गांवों से निकाली जाने वाली 45 मीटर चौडी आउटर रिंग रोड (जोनल प्लान रोड) का निर्माण का रास्ता पूरी तरह से साफ हो गया है। इस रोड के लिए जीडीए को प्रशासनिक व वित्तीय सहमति मिल गई है।
अब इस रोड के लिए भूमि खरीद की प्रक्रिया तेज होगी। अगले सप्ताह से इस योजना में भूमि के बैनामे कराएं जाएंगे। प्राधिकरण द्वारा प्रस्तावित यह 45 मीटर चौड़ी आउटर रिंग रोड लगभग 5.8 किलोमीटर लंबी होगी, जो क्षेत्र में यातायात सुगमता एवं समग्र शहरी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह मार्ग राजस्व ग्राम मोरटी, अधीर, आंबापुर, मोरटा तथा शाहपुर निजमोरटा की भूमि से होकर गुजरेगा। इस योजना में मोरटी व आंबापुर में जमीन खरीद का काम पूर्व में किया जा चुका है। अब बाकी गांवों में भी जमीन क्रय का रास्ता साफ हो गया है। इस योजना के तहत शाहपुर निजमोरटा में 1.9889 हेक्टेयर, मोरटा में 0.5850 हेक्टेयर, अटौर में 1.2843 हेक्टेयर जमीन की खरीद होगी।