नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। शहर के ऐतिहासिक दूधेश्वरनाथ मंदिर का सौंदर्यीकरण का कार्य कराए जा रहे हैं। इन कार्यो को करीब सवा पांच करोड़ रुपए की लागत से किया जा रहा है। दूधेश्वरनाथ मंदिर में सौंदर्यीकरण व पर्यटन की विकास योजनाओं का लोकापर्ण आज उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह द्वारा किया जाएगा। दोपहर करीब दो बजे पर्यटन मंत्री दूधेश्वरनाथ मंदिर पहुंचकर योजनाओं को लोकापर्ण करेंगे। बता दें कि मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण पर्यटन विभाग द्वारा कराया जा रहा है। करीब सवा पांच करोड़ की लागत से यह काम किए जा रहे हैं। जिसमें मंदिर का मुख्य प्रवेशद्वार का सौंदर्यीकरण, मल्टीपरपज हॉल, ग्रीन रूम, स्टोर फ्लोर, शौचालय, फसाड लाइट, मंदिर की दीवारों पर वर्क आदि के काम तेजी से कराए जा रहे हैं। ताकि यहां आने वाले भक्तों को कोई समस्या न हो। इतना ही नहीं मंदिर के मुख्य रोड पर बने गेट का भी सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है।