किसानों ने जीडीए की टीम को वापस लौटाया
नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। वेब सिटी में मंगलवार को उस समय हडक़ंप मच गया जब प्रदर्शनकारी महिलाओं ने खुद पर तेल डालकर आग लगाने का प्रयास किया। दरअसल जीडीए की टीम अवैध निर्माण हटाने के लिए पहुंची थी, जैसे टीम ने अपनी कार्रवाई शुरू की, वहां मौजूद किसानों ने हंगमा करना शुरू कर दिया।
विरोध कर रहे किसानों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं होगी, तब तक कोई कब्जा नहीं करने दिया जाएगा। यहां तक की प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने जीडीए व पुलिस टीम के सामने ही खुद पर तेल छिडक़ कर आग लगाने का प्रयास भी किया।
जीडीए सचिव विवेक कुमार मिश्रा का कहना है कि इस जमीन पर बिना नक्शा पास कराए निर्माण कराया जा रहा था, जिसे हटाने के लिए टीम गई थी, लेकिन किसानों के विरोध प्रदर्शन के कारण टीम वापस लौट गई। किसान नेता अनुज चौधरी ने कहा कि बिल्डर व प्रशासन के रवैये के चलते किसान आत्महत्या करने को मजबूर है। किसानों की सुनवाई नहीं हो रही हैं, उन्हें सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा है।

इतने लम्बे समय से किसान आंदोलन कर रहे हैं लेकिन उनकी समस्याओं को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। अनुज चौधरी ने कहा कि अब एक ओर महापंचायत की जा रही है, जिसमें डीएम और वीसी को भी बुलाया जाएगा। मांगे पूरी न होने तक आंदोलन चलता रहेगा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं जो अपने साथ तेल लेकर पहुंची थी। उन्होंने खेद पर तेल डाल लिया था।