महापौर सुनीता दयाल ने जनता को दी बड़ी राहत
गाजियाबाद (युग करवट)। नगर निगम द्वारा बढ़ाए गए हाउस टैक्स को लेकर लखनऊ में उच्च अधिकारियों के साथ मेयर की बैठक हुई। बैठक के फैसले से गाजियाबाद के लाखों कर दाताओं को राहत मिली है। मेयर सुनीता दयाल ने जानकारी दी है कि लखनऊ स्तर पर बढ़ी हुई दरों को वापस लेने का फैसला कर लिया गया है। अब बढ़ी दरें निरस्त हो जाएंगी और लोगों को पुरानी दरों से ही टैक्स जमा करना होगा। टैक्स प्रकरण को लेकर मेयर सुनीता दयाल सोमवार को लखनऊ पहुंची थी। लखनऊ में हुई बैठक पर सभी की नजर थी। बताया जा रहा है कि मेयर सुनीता दयाल की मुलाकात मुख्यमंत्री से हुई थी।
उसके बाद उच्च अधिकारियों से इस मामले को लेकर वार्ता की गई। मंगलवार को मेयर सुनीता दयाल ने प्रेस को यह जानकारी दी कि निर्णय हुआ है कि अभी हाउस टैक्स नही बढ़ाया जाएगा और पुरानी दरों पर ही हाउस टैक्स लिया जाएगा। जिसकी प्रक्रिया व औपचारिकता कुछ ही दिनों में पूर्ण कर ली जाएगी। हाउस टैक्स वृद्घि के वापस होने की बात पर मेयर सुनीता दयाल ने मुख्यमंत्री और सरकार को धन्यवाद दिया है। यहां बता दें कि गाजियाबाद में नगर निगम द्वारा की गई हाउस टैक्स वृद्घि का मामला बेहद तूल पकड़ चुका था। कांग्रेस और सपा ने भी इसे ेराजनीतिक मुद्दा बना लिया था।
हाउस टैक्स मामले पर बोर्ड की दो बैठक बुलाई गई। जुलाई में हुई पहली बैठक में सांसद और विधायक भी शामिल हुए थे। उस बैठक में बढ़ी दर निरस्त करने के फैसले के बावजूद स्थिति नहीं सुधरी थी।
नगर निगम बढ़ी दर से ही बिल भेज रहा था। तीन पूर्व पार्षद इस मामले को हाईकोर्ट भी ले गए थे, मगर वहां उनकी याचिका खारिज हो गई थी। सात मार्च को हुई दूसरी बैठक में मामला शासन को भेजने का निर्णय लिया गया। अब लखनऊ में हुई उच्च स्तरीय बैठक में हाउस टैक्स नहीं बढ़ाने का फैसला लिया गया है।
जनता को राहत मिलना उचित: नगर आयुक्त
गाजियाबाद (युग करवट)। लखनऊ में लिए गए निर्णय पर नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक ने कहा कि मीडिया के माध्यम से ही उनको जानकारी मिली है। मेयर और नगर निगम के अधिकारी मिलकर जनता को राहत देने का प्रयास कर रहे थे। अब यह फैसला आया है तो अच्छा है जनहित का काम हुआ है। उन्होंने कहा कि जनता को राहत मिलनी चाहिए।
शहर मेरा परिवार, नहीं होगा हितों से समझौता: मेयर
मेयर सुनीता दयाल ने कहा कि गाजियाबाद की जनता ने उन्हें चुनकर भेजा है। वह हर समय जनता के साथ हैं। शहर के लोग उनके परिवार का हिस्सा हैं। मेयर सुनीता दयाल ने कहा कि किसी भी हाल में शहर के लोगों पर बोझ नहंीं होने पडऩे दिया जाएगा। कुछ लोगो की राजनीतिक के कारण शहर की जनता को परेशानी का सामना करना पड़ा था।