गाजियाबाद (युग करवट)। पेटपूजा ऐप के जरिए हो रही कर चोरी को लेकर आयकर विभाग की छापेमारी दूसरे दिन भी जारी रही। विभाग की टीमें बंसल बीकानेर बुलंदशहर, अग्रवाल बीकानेरी स्वीट्स नोएडा और लोकनाथ स्वीट्स गाजियाबाद में छापेमारी कर रहा है। विभागीय सूत्रों की मानें तो पेटपूजा ऐप के नाम पर यह लोग विभाग को करोड़ों रुपए का चूना लगा रहे थे। जैसे एक लाख की सेल करने के बाद पांच हजार और दो लाख की सेल कर आठ हजार की सेल दिखा दी। विभाग ने हाल ही में रेस्टोरेंट एवं फूड सर्विस सेक्टर से जुड़े करदाताओं के खिलाफ एक ऑल इंडिया सर्च अभियान चलाया था। यह अभियान एआई व उन्नत डेटा एनालिटिक्स के आधार पर चलाया गया। जिसमें बड़ी संख्या में ऐसे करदाताओं की पहचान हुई जो अपने डिजिटल एकाउंट सिस्टम में ब्रिी के आंकड़ों में फेरबदल कर रहे थे। जब इस मामले में प्रारंभिक जांच शुरू की गई तो खुलासा हुआ कि कुछ रेस्टोरेंट संचालक पाइंट ऑफ सेल व एकाउंट सॉफ्टवेयर में दर्ज बिक्री के डेटा को डिलीट या मैनिपुलेट कर टर्नओवर कम दिखा रहे थे। इसके बाद आयकर महानिदेशक जांच लखनऊ के निर्देशन में नोएडा, गाजियाबाद, लखनऊ में विभिन्न प्रतिष्ठानों पर यह छापेमारी अभियान चलाकर बड़े स्तर पर इन गड़बडिय़ों को पकड़ा। कार्रवाई के दौरान विभाग की टीमों को महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य, इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड, सॉफ्टवेयर मिले हैं। साथ ही अन्य दस्तावेजों को भी टीम ने जब्त किया है। रविवार से चल रही यह छापेमारी सोमवार को भी जारी रही। विभागीय जानकारी के अनुसार कुछ लोगों ने सिस्टेमेटिक रूप से डेटा डिलीशन, बैंक एंड साफ्टवेयर मैनिपुलेशन व मल्टीपल डेटोबेस के उपयोग का सहारा लेकर विभाग को चूना लगाने का काम किया है।