नई दिल्ली (युग करवट)। दिल्ली में स्पाइसजेट के विमान की आपात लैंडिंग कराई गई है। उड़ान भरने के बाद तुरंत बाद चिंगारी दिखने के कारण फ्लाइट को उतारने का फैसला लिया गया। लेह जा रहे इस विमान में 150 यात्री सवार थे। विमान को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर सुरक्षित उतार लिया गया। फ्लाइट नंबर एसजी121 में लगभग 150 लोग सवार थे। यह विमान बोइंग कंपनी का था। स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने बताया कि दिल्ली से लेह जाने वाली फ्लाइट में तकनीकी खराबी के कारण विमान को दिल्ली लौटाना पड़ा। आपात लैंडिंग से पहले कॉकपिट में आग लगने की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई। विमानों के परिचालन पर नजर रखने वाली वेबसाइट फ्लाइट रडार 24 के मुताबिक उड़ान को मंगलवार सुबह 5:55 बजे दिल्ली से लेह रवाना होना था, लेकिन फ्लाइट 6:21 बजे टेकऑफ हुई। आपात लैंडिंग के कारणों की पड़ताल की जा रही है। सभी यात्री और क्रू के सदस्य सुरक्षित हैं।