नई दिल्ली (युग करवट)। संसद की कार्यवाही के दौरान मंगलवार को सदन की मर्यादा टूटने का मामला सामने आया। लोकसभा में हंगामे के बीच कुछ सांसदों ने स्पीकर की कुर्सी की ओर कागज फेंके। इस पर सख्त कार्रवाई करते हुए संबंधित सांसदों को सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया गया। आठ सांसदों पर ये कार्रवाई हुई है।
भारी शोर-शराबे और विरोध के कारण सदन की कार्यवाही कई बार रोकनी पड़ी। कल दोपहर तीन बजे जब चौथी बार लोकसभा की कार्यवाही शुरू हुई तो पीठासीन अधिकारी ने स्पष्ट कहा कि स्पीकर की ओर कागज फेंकने वाले सदस्यों के नाम दर्ज किए जाएंगे। इसके बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने ऐसे सांसदों को निलंबित करने का प्रस्ताव रखा। सदन ने ध्वनिमत से प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।
इसके बावजूद हंगामा थमता नहीं दिखा। बताया जा रहा है कि जिन सांसदो को निलंबित किया गया है उनके नाम डीन कुरियाकोस, किरण रेड्डी, अमरिंदर सिंह राजा वडिग, मणिकम टैगौर, गुरजीत औजला, हिबी इडेन, वेंकेट रमन, प्रशांत पडोले हैं। इसके बाद विपक्ष के नेता राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस सदस्यों ने लोकसभा से पार्टी सदस्यों के सस्पेंशन के खिलाफ संसद भवन के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।
लोकसभा में यार पर तकरार
नई दिल्ली। लोकसभा में जब कार्यवाही दोबारा शुरू हुई तो फिर से हंगामा होने लगा। कार्यवाही प्रारंभ हुई तो राहुल गांधी बोलने के लिए दोबारा खड़े हुए। लेकिन राहुल चीन का मु्द्दा उठाने पर अड़े रहे और सत्ता पर इस पर आपत्ति जताता रहा। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर हमला बोला। इस दौरान किसी सदस्य ने चेयर को संबोधित करते हुए यार बोल दिया। इस पर चेयर पर बैठे कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी ने उन्हें फटकार लगाते हुए कहा कि यह संसद है, यहां डेकोरम मेंटेन कीजिए। यार का क्या मतलब है। हंगामा बढ़ता गया और चेयर ने राहुल से कहा कि आप बोलना नहीं चाहते हैं।
विपक्षी सांसदो ने सदन में बोलने से किया इंकार
नई दिल्ली (युग करवट)। लोकसभा में कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने लगातार दूसरे दिन भारत-चीन सीमा विवाद का मुद्दा उठाया। इस दौरान सत्ता पक्ष की तरफ से ऐतराज जताया गया। वहीं स्पीकर ने कई बार उन्हें राष्ट्रपति के अभिभाषण पर बोलने के लिए कहा, आखिर में स्पीकर ने दूसरे सदस्यों को बोलने के लिए आमंत्रित किया। जिसके बाद विपक्ष की तरफ से जोरदार हंगामा किया गया। जब राहुल गांधी ने अपनी बात जारी रखी तो स्पीकर ने कई अन्य सदस्यों को बोलने के लिए आमंत्रित किया। राहुल गांधी के समर्थन में विपक्ष के तीन सांसद नरेश उत्तम पटेल, शताब्दी राय, डीएम खातिर आनंद ने बोलने से इनकार कर दिया। इसके बाद विपक्ष की तरफ से जोरदार हंगामा किया गया और सदन की कार्यवाही बाधित हो गई।