नई दिल्ली (युग करवट)। सोना और चांदी की कीमतों में आज भारी गिरावट दर्ज की गई। लगातार तेज उछाल के बाद निवेशकों की मुनाफावसूली के चलते कीमती धातुओं के भाव अचानक टूट गए।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर खुलते ही सोना और चांदी दोनों लाल निशान में कारोबार करते दिखे। सबसे बड़ी गिरावट चांदी की कीमतों में देखने को मिली। चांदी का वायदा भाव करीब 24,000 रुपये तक टूट गया और 5 मार्च की एक्सपायरी वाली चांदी 23,993 रुपये गिरकर 3,75,900 रुपये प्रति किलो पर आ गई। गौरतलब है कि गुरुवार को चांदी ने ऐतिहासिक तेजी दिखाते हुए पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलो का स्तर पार किया था।
कारोबार के अंत में इसका भाव 3,99,893 रुपये प्रति किलो पर बंद हुआ था। वहीं, चांदी का लाइफ टाइम हाई स्तर 4,20,048 रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया था, जहां से एक ही दिन में करीब 44,148 रुपये की बड़ी गिरावट देखने को मिली। सोने की कीमतों में भी तेज गिरावट दर्ज की गई। सोना खुलते ही करीब 8,000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हो गया।