हापुड़ (युग करवट)। थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र में पलवाड़ा रोड पर गश्त के लिए जा रहे तीन पुलिसकर्मियों की कार अनियंत्रित होकर पलवाड़ा रजवाहे में गिर गई। हादसे में कार सवार तीनों पुलिसकर्मी घायल हो गए। इनमें सिपाही आरिफ की हालत गंभीर बताई गई है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया, जबकि सिपाही ललित और दरोगा विनय बघेल को हापुड़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थानाध्यक्ष इंद्रकांत यादव ने बताया कि थाना बहादुरगढ़ में तैनात सिपाही आरिफ, ललित और दरोगा विनय बघेल रविवार रात करीब 10 बजे निजी कार से क्षेत्र में गश्त के लिए जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार पलवाड़ा रोड पर पहुंची अचानक चालक कार पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कार सडक़ से उतरकर पलवाड़ा रजवाहे में जा गिरी। सिपाही आरिफ को गंभीर चोटें आने के कारण मेरठ रेफर किया गया, जबकि ललित और विनय का उपचार हापुड़ के निजी अस्पताल में चल रहा है। सीओ ने बताया कि फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।