नोएडा (युग करवट)। थाना बिसरख क्षेत्र के शाहबेरी गांव मे स्थित फर्नीचर मार्केट में आज तडक़े भयंकर आग लग गई। इस आग में दुकान में मौजूद दो लोग फंस गए। एक ही मौत हो गई, जबकि एक की हालत नाजुक बनी हुई है। मुख्य दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि थाना बिसरख क्षेत्र के शाहबेरी गांव में सीएनसी से लकड़ी की कटिंग करने वाली एक दुकान में आज तडक़े अज्ञात कारण से भयंकर आग लग गई। आग की सूचना पाकर मौके पर दमकल विभाग की 6 गाडिय़ां पहुंची। रेस्क्यू के दौरान दुकान के अंदर फंसे दो मजदूरों को बाहर निकाला गया। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उपचार के दौरान एक मजदूर अल्तमश को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शाहबेरी गांव के पास नियमों का उल्लंघन करते हुए बनी फर्नीचर मार्केट में इससे पूर्व भी कई बार भयंकर आग लग चुकी है। पुलिस और फायर ब्रिगेड की बार-बार चेतावनी के बावजूद भी वहां पर अवैध मार्केट लगातार चल रही है।