गाजियाबाद (युग करवट)। लोनी थाना क्षेत्र में कुछ समय पहले दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला न केवल दो संप्रदायों के बीच तनाव की वजह बनता नजर आ रहा है बल्कि इस क्षेत्र की फिजा के खराब होने का भी अंदेशा बन रहा है। आज भी मोहर सिंह नामक कैब चालक के साथ संप्रदाय विशेष के युवकों ने मारपीट की बल्कि उसकी कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस के पहुंचने पर पीडि़त कैब चालक ने बताया कि जब वह कहीं जा रहा था तो जिस स्थान पर हनुमान चालिसा का पाठ हुआ था वहां पर खड़े कुछ मुस्लिम युवकों ने उसके हाथ में कलावा बंधा हुआ देखकर मारपीट करनी शुरू कर दी। इस संदर्भ में एसीपी लोनी राम किशन सिंह का कहना है कि पुलिस इस मामे की जांच पूरी गंभीरता से कर रही है। साक्ष्यों के आधार पर दोषी व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। बता दें कि कुछ दिन पूर्व हिन्दू रक्षा दर्ज के कार्यकर्ताओं के साथ २५ हजार के ईनामी सलमान ने अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट की थी। उक्त प्रकरण ने जहां लोनी को राजनीति का अखाड़ा बना दिया था वहीं दो संप्रदायों के बीच दूरी बढ़ाने का भी काम किया। सूत्रों के उक्त प्रकरण के बाद से कई मुकदमे भी दर्ज हो चुके हैं।