डिवाइडर से टकराकर पिकअप पलटी
बागपत/गाजियाबाद (युग करवट)। बीती रात खेखड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ईस्टर्न पैरिफेरल में हुए हादसे के दौरान श्रद्घालुओं से खचाखच भरी पिक अप वैन डिवाइडर से टकरकर पलट गई। इस हादसे में जहां ३२ लोग घायल हो गये वहीं पुलिस के मुताबिक ४ श्रद्घालुओं की मौत हो गई। उधर सूत्रों की माने तो इस हादसे में मारे गये लोगों की संख्या पुलिस के द्वारा बताई गई संख्या से काफी अधिक है। पुलिस के अनुसार प्राथमिक जांच में जो बात सामने आई है उससे पता चला है कि यह हादसा उस समय हुआ जब राजस्थान में रहने वाले दो दर्जन से अधिक श्रद्घालु पिक अप वैन में सवार होकर बदायूं जा रहे थे। जब पिक अप वैन खेखड़ा के पास पहुंची तो वो अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरकर पलट गई। इस हादसे में घायल हुए लोगों में से १८ लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है। इस घटना की सूचना मिलने के बाद बागपत पुलिस के उच्चाधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उसके बाद अफसरों ने अस्पतालों में एडमिट घायल श्रद्घालूओं का हाल चाल भी जाना।