नई दिल्ली (युग करवट)। लाल किले को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इस संबंध में मुंबई पुलिस के पास एक कॉल आया। जिसके बाद हडक़ंप मच गया। हालांकि, प्रारंभिक जांच के बाद इस कॉल को फर्जी घोषित किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, एक अज्ञात कॉलर ने मुंबई पुलिस के कंट्रोल रूम में फोन कर लाल किले को बम से उड़ाने की धमकी दी। इस सूचना के तुरंत बाद मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम ने दिल्ली पुलिस के कंट्रोल रूम को इस धमकी के बारे में जानकारी दी। दिल्ली पुलिस कंट्रोल रूम ने तत्काल इस जानकारी को उत्तरी जिला पुलिस के साथ साझा किया। सूचना मिलते ही उत्तरी जिला पुलिस हरकत में आ गई और लाल किले के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई। पुलिसकर्मी, बम निरोधक दस्ते और अन्य सुरक्षा टीमें लाल किले पहुंचीं और परिसर की गहन जांच-पड़ताल की। गहन जांच पड़ताल की गई, जिसमें किसी भी संदिग्ध वस्तु या खतरे का पता नहीं चला। बाद में अधिकारियों ने बम की धमकी को अफवाह करार दिया।