सहारनपुर (युग करवट)। कल समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने सहारनपुर में एक बड़ा संदेश दिया था। उनका जिस तरह स्वागत हुआ वो अपने आप में यादगार रहा। वहीं आज सहारनपुर के रामपुर मनिहारान में गोचर कृषि इंटर कॉलेज के मैदान में आज केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी की स्वाभिमान रैली आयोजित की जा रही है। रैली को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जयंत चौधरी अपने परिवार के साथ रैली में आ रहे हैं विधानसभा चुनाव-2027 से पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश में होने वाली इस रैली को रालोद के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है।
गोचर कृषि इंटर कॉलेज के मैदान में रैली के लिए बड़ा पंडाल तैयार किया गया है। बिजनौर सांसद चंदन सिंह चौहान ने बताया कि पंडाल में करीब 50 हजार लोगों के बैठने की क्षमता है। मंच, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, पार्किंग और सुरक्षा समेत अन्य तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। रैली को सफल बनाने के लिए पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता सुबह तक भी तैयारियों में जुटे रहे।