नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेन्द्र कश्यप ने गुरूवार को प्रदेश के पिछडा वर्ग कल्याण विभाग व दिव्यांग जन सशक्तिकरण विभाग की ऑनलाइन बैठक की। ऑनलाइन बैठक में प्रमुख सचिव राजेश कुमार सिंह, निदेशक उमेश प्रताप सिंह के साथ ही सभी जिलों के मंडलीय उपनिदेशक व विभागीय अधिकारी शामिल हुए। समीक्षा बैठक के दौरान राज्यमंत्री नरेन्द्र कश्यप ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभागीय योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया जाए। छात्रवृत्ति एव शुल्क प्रतिपूर्ति को समय से छात्रों तक पहुंचाया जाए, जिससे उनकी शिक्षा में कोई बाधा न पहुंच सके। साथ ही शादी अनुदान योजना में भी लाभार्थियों का चयन कर उन्हें लाभ दिया जाएगा। इस दौरान विभिन्न जिलों के शादी अनुदान के नए लाभार्थी भी ऑनलाइन बैठक में जुड़े। गाजियाबाद से तीन लाभार्थी जुड़े। बैठक के बाद सभी लाभार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। इस दौरान जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी प्रशांत सिंह, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी अशुंल चौहान मौजूद रहे।