गाजियाबाद (युग करवट)। प्रधानमंत्री के १७ सितंबर को मनाये जाने वाले जन्मदिन को लेकर प्रदेशभर में कार्यक्रम किये जा रहे हैं। इसका नाम सेवा संकल्प अभियान रखा गया है। कल इस संबंध में नगर निगम में बैठक बुलाई गई। जिसमें हर वार्ड में कार्यक्रम मनाने को लेकर चर्चा हुई। इस बीच विकास को लेकर भी कुछ पार्षदों ने अपनी बात रखी। इसको लेकर हंगामा हो गया। निगम ने गाडिय़ां कैसे खरीद ली, वार्ड में कब तक काम होंगे, कई अन्य मुद्दे भी उठाये गये जिससे माहौल गरमा गया। महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि यह बैठक प्रधानमंत्री के जन्मदिन को लेकर आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर बुलाई गई है। इसलिए उस पर ही चर्चा हो। हंगामा इतना हो गया कि अधिकारी भी बैठक छोडक़र चले गये। महापौर श्रीमती सुनीता दयाल ने कहा कि ये सीधा-सीधा बोर्ड का अपमान तो है ही लेकिन प्रधानमंत्री का भी अपमान है। सुनीता दयाल ने बहुत सख्त लहजे में कहा कि वह किसी भी हाल में विश्व के सबसे लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगी। उन्होंने कहा कि वो प्रधानमंत्री के नाम पर अपनी जान भी दे सकती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस बारे में वो सख्त कदम उठाएंगी। वहीं अधिकारियों के संबंध में भी शासन को अवगत कराएंगी कि वो किस तरह बैठक छोडक़र चले गये।
महापौर ने की तीन पार्षदों की भाजपा प्रदेश संगठन से शिकायत
गाजियाबाद (युग करवट)। सेवा संकल्प अभियान को लेकर हुई नगर निगम की बैठक के दौरान हंगामा करने वाले पार्षदों की महापौर सुनीता दयाल ने भाजपा प्रदेश संगठन को शिकायत दी है। महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि बैठक के दौरान भाजपा के कुछ पार्षदों ने सेवा संकल्प अभियान पर चर्चा ना करते हुए इधर उधर की बाते की, जिससे नगर निगम अधिकारियों व पार्षदों के बीच महौल गर्म हो गया और नगर निगम के अधिकारी बीच में बैठक छोडक़र चले गए। भाजपा के पार्षदों ने निगम सदन के साथ प्रधानमंत्री का अपमान किया है। नगर निगम के दो से तीन पार्षद अपनी हिटलरशाही चलाकर नगर निगम अधिकारियों पर दबाव बनाकर अपना पूरा काम कराते है। महापौर सुनीता दयाल ने पत्र के माध्यम से भाजपा प्रदेश संगठन को पूरे मामले से अवगत कराया है और हंगामा करने वाले पार्षदों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने की अपील की।