नोएडा (युग करवट)। विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा पश्चिम उत्तर प्रदेश के अपने किले को दुरुस्त करने में जुटी है। भाजपा सूत्रों के अनुसार जल्द ही प्रदेश में भाजपा की नई टीम की घोषणा होगी। इसमें पूर्व मंत्री और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के भाजपा के विश्वासपात्र गुर्जर नेता नवाब सिंह नागर का पश्चिमी यूपी का क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चा ने जोर पकड़ लिया है।
बताया जाता है कि भाजपा के युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष सत्येंद्र अवाना युवा प्रदेश अध्यक्ष बनने की होड़ में थे। उनकी जगह रोहित मिश्रा को प्रदेश अध्यक्ष बनाया जा सकता है। चर्चा यह भी है कि सत्येंद्र अवाना को भविष्य में गौतम बुद्ध नगर के किसी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ाया जा सकता है। उनके ऊपर भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व का हाथ है। इसके बाद नवाब सिंह नागर की पश्चिमी यूपी मे स्वर्गीय हुकुम सिंह के बाद गुर्जर समाज में ताकत को देखते हुए उन्हें क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाया जाना तय हुआ है। पार्टी में नए चेहरों को तरजीह देते हुए कई नए नेताओं और महिलाओं को प्रदेश संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं। एक वर्तमान क्षेत्रीय अध्यक्ष और एक पूर्व जिला अध्यक्ष को प्रदेश टीम में शामिल किए जाने की चर्चा चल रही है। प्रदेश मीडिया टीम से दो प्रवक्ताओं को प्रदेश पदाधिकारी बनाया जा सकता है। यह कदम पार्टी की मीडिया और प्रचार व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
दरअसल वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी संगठनात्मक मजबूती पर विशेष ध्यान दे रही है। आगामी चुनावी तैयारियों को देखते हुए नई टीम का गठन पार्टी की रणनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। नई टीम के गठन के साथ ही पार्टी विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों को भी नई दिशा देने की तैयारी में है। जिसकी आधिकारिक घोषणा जल्द ही होने की उम्मीद है। पार्टी के सूत्रों ने यह भी संकेत दिए हैं कि नई टीम में महिला प्रतिनिधित्व बढ़ाने पर खास फोकस रहेगा। जिससे संगठन अधिक समावेशी और संतुलित बने।