गाजियाबाद (युग करवट)। कमिश्नरेट पुलिस के होश उस समय उड़ गये जब यह सूचना मिली कि लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में रहने वाले युवक को उसकी प्रेमिका के परिजनों ने लगभग दस बजे अगवा कर लिया है। इतना ही नहीं अपहरणकर्ताओं ने युवक के साथ मारपीट भी की।
इस सूचना के मिलते ही एसओ लोनी बॉर्डर मुकेश सोलंकी तुरंत एक्शन मोड़ पर आ गये। उसके बाद उन्होंने उक्त वारदात की सूचना उच्चाधिकारियों को देकर हर नाके पर चैकिंग शुरू करा दी। एसओ मुकेश सोलंकी ने जब अपहरणकर्ताओं की घेराबंदी की तो वो संदीप ठाकुर को छोडक़र भाग गये। पुलिस ने अपहृत संदीप को सकुशल बरामद करके उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पूछताछ में संदीप ठाकुर ने बताया कि आज सुबह उसकी प्रेमिका मंदिर जाने की बात कहकर उसके पास आ गई थी। उसी समय उसके भाई तनिष्क व मयंक कार व बाईक पर कई साथियों के साथ उसके कमरे पर पहुंच गये। आते ही पहले तो उन्होंने उसके साथ मारपीट की और फिर यह कहकर उसका अपहरण कर लिया कि चल आज तेरा काम तमाम ही कर देते हैं। इससे पहले अपहरणकर्ता उसकी हत्या करने में सफल हो पाते उससे पूर्व ही लोनी बॉर्डर थाने के एसओ मुकेश सोलंकी नाकेबंदी करके उसे अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छुड़ाकर उसकी जान बचा ली।
इस वारदात के संदर्भ में एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्य ने बताया अपहरणकर्ताओं को जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा। वहीं सूत्रों का कहना है कि पुलिस ने कई संदिग्ध को हिरासत में ले लिया है।