गाजियाबाद (युग करवट)। उत्तर प्रदेश सरकार ने जिले के नए प्रभारी मंत्री के रूप में प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह को बनाया है। जिले का प्रभारी मंत्री बनने के उपरांत आज वह गाजियाबाद के दौरे पर पहुंचे। जहां उन्होंने भाजपा नेताओं, पदाधिकारियों व जिले के अधिकारियों से विभिन्न मुद्दों पर वार्ता की। साथ ही पांच जून से शुरू होने वाले विशेष अभियान की तैयारियों का भी जायजा लिया। जिला मुख्यालय पहुंचे प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह को पहले गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़ ने बुके देकर प्रभारी मंत्री का स्वागत किया। इसके उपरांत विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में पहुंचे। जहां सबसे पहले प्रभारी मंत्री का पुलिस आयुक्त जे.रविन्द्र गौड़ व डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़ ने स्वागत किया। इसके उपरांत अन्य जनप्रतिनिधियों का भी स्वागत किया गया। सांसद अतुल गर्ग का स्वागत पुलिस आयुक्त जे.रविन्द्र गौड़ ने किया। प्रभारी मंत्री ने बैठक में मौजूद अधिकारियों से परिचय लिया और उसके उपरांत जिले में चल रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्रों का पहुंचाया जाए। कोई भी पात्र योजना से वंचित न रह जाएं। प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा है कि प्रदेश के हर वंचित को लाभ मिले, जो योजनाएं चल रही हैं, उनका क्रियान्वयन सही से हो। निर्माण कार्यो में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राजस्व बढ़ोत्तरी को लेकर भी अधिकारी बेहतर काम करें व साथ ही उद्यमियों, व्यापारी वर्ग की समस्याओं का भी प्राथमिकता पर कार्य किया जाए। इसके उपरांत प्रभारी मंत्री ने केन्द्र सरकार के 12 पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पांच जून से 21 जून तक आयोजित होने वाले विशेष अभियान की समीक्षा की। बैठक में महापौर सुनीता दयाल, सांसद अतुल गर्ग, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी, विधायक डॉ.मंजू सिवाच, विधायक नंदकिशोर गुर्जर, भाजपा जिलाध्यक्ष चैनपाल सिंह, महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, भाजपा नेता बंसत त्यागी, प्रदीप चौहान, राजेन्द्र मित्तल मेंदी वाले, गौरव चोपड़ा, पंकज भारद्वाज, रामकुमार त्यागी, देवेन्द्र चौधरी आदि मौजूद रहे। वहीं अधिकारियों में पुलिस आयुक्त जे.रविन्द्र गौड़, डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़, एडिशनल पुलिस आयुक्त केशव चौधरी, सीडीओ कुमार सौरभ, जीडीए सचिव विवेक मिश्र, अपर नगर आयुक्त अविन्दर कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट सतीश चंद्र त्रिपाठी, परियोजना निदेशक प्रदीप पाण्डेय, डीडीओ प्रज्ञा श्रीवास्तव, कार्यवाहक सीएमओ डॉॅ.अमित विक्रम, डीपीआरओ जाहिद हुसैन, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी पीयूष रॉय,बीसीएस ओपी यादव मौजूद रहे।