सीएम योगी
का ड्रीम प्रोजेक्ट हुआ साकार
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान शुरू
ग्रेटर नोएडा (युग करवट)। दिल्ली-एनसीआर के लिए आज का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 28 मार्च को उद्घाटित किए गए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पहली उड़ान का संचालन शुरू हो गया। सुबह 8:05 बजे लखनऊ से जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों और उद्योग जगत से जुड़े लोगों को लेकर पहला विमान एयरपोर्ट पर उतरा। इसके बाद सुबह 8:30 बजे एयरपोर्ट से पहली उड़ान लखनऊ के लिए रवाना हुई। इस ऐतिहासिक उड़ान में एयरपोर्ट निर्माण के लिए अपनी भूमि देने वाले 170 किसान और परियोजना से जुड़े कामगार विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह, यमुना प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह सहित कई अधिकारी एवं गणमान्य लोग भी विमान में सवार रहे। किसान और कामगार लखनऊ पहुंचकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेंगे तथा शाम को वापस नोएडा लौटेंगे। पहली उड़ान के साथ ही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के वाणिज्यिक संचालन की औपचारिक शुरुआत हो गई है। इससे दिल्ली-एनसीआर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। एयरपोर्ट से क्षेत्र में निवेश, रोजगार, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा।
पहली उड़ान को केंद्रीय उड्डयन मंत्री के राम मोहन नायडू ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि हमें खुशी है कि जिन किसानों ने एयरपोर्ट के लिए जमीन दिया वे आज पहली फ्लाइट से लखनऊ जाकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलेंगे। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक दिन है। इस प्रोजेक्ट को लेकर लोगों में उत्साह था और आज यह दिन आ गया की पहली फ्लाइट शुरू हो रही है। उन्होंने इस प्रोजेक्ट के निर्माण में जुड़े हुए लोगों, किसानों और सभी लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रधानमंत्री का एक विजन था। उन्होंने सोचा था कि यहां एक एयरपोर्ट बनना चाहिए। इस विजन को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य लोगों ने मिलकर एक मिशन की तरह पुरा किया। उन्होंने जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह की भी तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने किसानों को समझाकर जमीन देने के लिए उन्हें तैयार किया। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के चालू होने से युवाओं को काफी फायदा होगा। हजारों की संख्या में रोजगार की संभावना बढ़ेगी।
शेष समाचार व फोटो पेज दो पर…