लखनऊ (युग करवट)। बिहार के समस्तीपुर जिले का रहने वाला सवा लाख का इनामी कुख्यात ललन सिंह उर्फ लल्लन सहारनपुर में यूपी एसटीएफ से मुठभेड़ में मारा गया। मुठभेड़ सरसावा-नकुर रोड पर हुई। इस दौरान उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। उसकी तलाश में टीम दबिश दे रही है। एडीजी एसटीएफ अमिताभ यश के अनुसार, ललन सिंह उर्फ लल्लन पुत्र शिव शंकर सिंह लंबे समय से कई संगीन मामलों में वांछित था। उसकी गिरफ्तारी पर वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट की ओर से एक लाख रुपये और चंदौली पुलिस की तरफ से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। लल्लन मूल रूप से समस्तीपुर के मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र के आनंदगोलवा गांव का रहने वाला था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, ललन सिंह अपने भाइयों और गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर कई संगठित अपराधों में शामिल था। उस पर सात लोगों की हत्या, बैंक डकैती, कैश-वैन लूट और सरकारी हथियार लूटने जैसे गंभीर आरोप थे।

मृतकों में दो सब-इंस्पेक्टर, एक बैंक कैशियर और एक सुरक्षा गार्ड भी शामिल थे। लल्लन पर 8 नवंबर 2022 को वाराणसी में एक सब-इंस्पेक्टर को गोली मारकर उनकी सर्विस पिस्तौल लूटने का आरोप था। इसके अलावा 1 नवंबर 2022 को चंदौली जिले में हुई गोलीबारी और लूट की घटना में भी वह वांछित चल रहा था।