नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों के लिए तीन दिवसीय परीक्षा सम्पन्न हो गई है। परीक्षा के पूर्ण होने पर डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़ ने परीक्षा में लगे अधिकारियों व कर्मिकों की परीक्षा को पारदर्शिता, निष्पक्षता व नकलविहीन कराने पर सराहना की है। सभी परीक्षा केन्द्रों पर इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी कडी की गई।
जिले में परीक्षा के लिए 25 केन्द्र बनाए गए थे। जहां पर सभी सुरक्षा मानको के पूरा करने के बाद ही परीक्षार्थियों का प्रवेश कराया गया। परीक्षा में प्रत्येक पाली में 11,064 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। तीन दिन की छह पालियों में कुल 66, 384 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिसमें से 21 हजार 196 ने परीक्षा छोड़ दी। डीएम ने बताया कि परीक्षा के दौरान किसी भी केन्द्र पर नकल या अनुचित साधनों के प्रयोग के मामले सामने नहीं आए हैं। डीएम ने परीक्षा डयूटी में तैनात कर्मिकों व अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि सभी विभागों के प्रयासों, सर्तकता के कारण परीक्षा का सफल आयोजन हो सका है।