नोएडा (युगकरवट)। थाना बीटा- दो पुलिस ने ज्वेलर के मुनीम और कर्मचारी से हथियार के बल पर करीब डेढ करोड रुपए के सोने के जेवरात और कच्ची चांदी लूटने वाले पांच बदमाशों को बुधवार दोपहर को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने लूटी हुई चांदी, सोने के जेवरात, घटना में प्रयुक्त कार, देशी तमंचा और कारतूस आदि बरामद किया है। पुलिस को पता चला है कि कमलकांत इस गिरोह का सरगना है। उसने अपने साथियों को घटना वाले दिन सूचना दिया कि रविवार की रात को टोयोटा इटीयोस गाड़ी में ज्वेलरी रखकर कुछ लोग दिल्ली से आगरा जाएंगे। बदमाशों ने स्विफ्ट कार में कमलकांत और उसका साथी पीडि़त की कार का पीछा करने लगे।
ग्रेटर नोएडा के जुनैदपुर गांव के पास जाकर कमलकांत अपने साथी संग खेत में रुक गया और उसके तीन साथी मुनीम के साथ हथियार के बल पर वारदात को अंजाम दे रहे थे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस मामले में पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके नाम अंकुर पुत्र जयवीर, अमित पुत्र जयवीर, सोहित बंसल पुत्र बृजपाल बंसल, हिमांशु पुत्र बृजेश और कमलाकांत पुत्र बजरंग लाल है। उन्होंने बताया कि इनके पास से पुलिस ने लूटे हुए सोने के 5 हार, दो सोने के मंगलसूत्र, 29 सोने के पेंडल, 56 सोने की जनानी अंगूठी, 34 सोने की पुरुष की अंगूठी, 18 सोने के लॉकेट, 42 कान के झुमके तथा 12.138 किलोग्राम चांदी और घटना में प्रयुक्त बलेनो कार,तथा देशी तमंचा बरामद किया है। उन्होंने बताया कि इस घटना के अनावरण करने वाले पुलिस टीम को पुलिस आयुक्त ने नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।