नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। जीडीए ने हरनंदीपुरम योजना के दूसरे फेज के लिए जमीन अधिग्रहण का काम शुरू कर दिया है। हालांकि जीडीए की योजना पहले फेज को सौ हेक्टेयर में लांच करने की है। इसके लिए अब तक जीडीए 90 हेक्टेयर के करीब जमीन अधिग्रहण कर चुका है। बाकी की जमीन के लिए भी सहमति मिल चुकी है।
जीडीए की महत्वाकांक्षी आधुनिक व सुनियोजित आवासीय टाउनशिप योजना है जिसे करीब 501 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल में दो चरणों में विकसित किया जाना प्रस्तावित है। पहले चरण में पांच गांवाों की 350 हेक्टेयर जमीन पर टाउनशिप बसेगी। जिसके लिए जीडीए को किसानों से 336 हेक्टयेर जमीन खरीदनी है। बाकी जमीन जीडीए के पास मौजूद है। अब तक जीडीए 90 हेक्टयेर जमीन किसानों से ले चुका है। बाकी की जमीन खरीद की प्रक्रिया चल रही है।
शासन ने जीडीए को जमीन खरीद के लिए पहली किस्त जारी कर दी है। ऐसे में अधिकारी पहले चरण में योजना को लांच करने की तैयारी में है। जानकारी के मुताबिक एक महीने में सौ हेक्टयर जमीन का बैनामा प्राधिकरण के नाम हो जाएगा। अधिकारी डीपीआर व ले आउट भी तैयार कर रहे हैं। जीडीए वीसी नंदकिशोर कलाल के मुताबिक योजना के तहत किसानों से आपसी सहमति के तहत जमीन ली जा रही है। जल्द ही योजना का पहला चरण लांच किए जाने की तैयारी है। इस योजना के तहत टाउनशिप में आधुनिक सडक़ नेटवर्क, हरित क्षेत्र, थीम आधारित पार्क, आवासीय एवं व्यावसायिक सेक्टर, बेहतर जल निकासी व्यवस्था, आधुनिक आधारभूत संरचना तथा सुगम यातायात सुविधाओं का विकास प्रस्तावित है। प्राधिकरण चरणबद्घ तरीके से इस योजना को विकसित करने की प्लानिंग कर चुका है जिससे शहर में एक सुनियोजित टाउनशिप विकसित हो सके। दूसरे चरण में 125.2874 हेक्टयेर जमीन ग्राम भोवापुर, मोरटा, शाहपुर निज मोरटा की किसानों से आपसी सहमति के आधार पर ली जाएगी। हालांकि अभी तक दूसरे चरण में किसानों से 40 एकड़ से अधिक जमीन की सहमति प्राधिकरण को मिली हैं। ऐसे में जीडीए पहले फेज में इस योजना को लांच करने की तैयारी में जुट गया है। जल्द ही इसकी लाचिंग तारीख निर्धारित की जाएगी। पहले फेज में योजना में विकास कार्य शुरू होने के साथ ही दूसरे चरण में जमीन अधिग्रहण का काम शुरू हो जाएगा। जिससे चरणबद्घ तरीके से योजना के विकास कार्यो से लेकर जमीन जुटाने काम निरंतर गति से होता रहेगा।