गाजियाबाद (युग करवट)। राष्टï्रीय लोकदल के संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष पूर्व सांसद केसी त्यागी ने एक न्यूज चैनल पर हुए कार्यक्रम में सैंतली के चिराग त्यागी और हापुड़ के गौरव त्यागी की हत्या का मामला उठाया। केसी त्यागी से समाजवादी पार्टी द्वारा शामली एनकाउंटर की जांच करने पर सवाल पूछा गया था। उन्होंने एडीजी कानून व्यवस्था अमिताभ यश को संबोधित करते हुए कहा कि चिराग त्यागी व गौरव त्यागी की हत्या भी शामली के अंकित बालियान हत्याकांड की ही तरह जघन्य घटना है। इन दोनों हत्याकांड के आरोपियों का भी वही हाल होना चाहिए जो अंकित के हत्यारों का हुआ है। अंकित हत्याकांड के आरोपियों के एनकांटर पर केसी त्यागी ने कहा कि अगर अपराधी पुलिस पर गोली चलाएंगे तो पुलिस को क्या जवाबी कार्रवाई नहीं करनी चाहिए। उन्होंने समाजवादी पार्टी के नेताओं द्वारा एनकांटर पर उठाए गए सवालों को जातिगत राजनीति का असफल प्रयास बताया। उन्होंने जाट समाज व चौधरी चरण सिंह के बारे में कही गई अमार्यादित टिप्पणी की भी निंदा की।