गाजियाबाद। नंदग्राम के पास शांति नगर स्थित कॉलोनी में आज जमकर हंगामा हुआ। नगर निगम की टीम आज करीब सवा बारह बजे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ अपनी जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंची। इसके विरोध में वहां लोगों ने जमकर हंगामा किया और किसी भी सूरत में मकान तोडऩे नहीं देने की चेतावनी दी। इस दौरान कई सौ संख्या में आम आदमी जुट गया और उन्होंने जीटी रोड को राजनगर एक्सटेंशन से जोडऩे वाली लिंक रोड पर निगम के पेट्रोल पंप के पास जमकर हंगामा किया। बाद में पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर तोडफ़ोड़ की कार्रवाई शुरू कर दी।
विवाद शांतिनगर कॉलोनी में करीब सौ मकानों की जमीन को लेकर है। नगर निगम ने इस कॉलोनी के पास ही केंद्रीय राजनीतिक प्रशिक्षण केंद्र बनाने के लिए दो साल पहले जमीन का आवंटन किया था। इस केंद्र को बनाने का काम जल निगम को मिला है। नगर निगम के अपर नगरायुक्त आरएन पांडेय का दावा है कि कुछ और जमीन केंद्र के निर्माण के लिए देनी है और इसी जमीन पर शांतिनगर कॉलोनी के लगभग एक सौ मकान बने हैं। नगर निगम ने चुपचाप तरीके से आज दोपहर यहां तोडफ़ोड़ करने का प्लान तैयार किया। पहले चरण में चौदह मकानों को तोडऩे के लिए नगर निगम ने रात में ही नोटिस चस्पा कर दिये। आज दोपहर करीब सवा बारह बजे नगर निगम की टीम पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ मकानों को तोडऩे पहुंची तो लोगों ने जमकर विरोध किया। समाचार लिखे जाने तक नगर निगम और मकान मालिकों के बीच गतिरोध बना हुआ है। दूसरी ओर तोडफ़ोड़ की कार्रवाई के विरोध में लोगों ने नंदीपार्क के सामने रास्ता भी बाधित किया।