प्रमुख अपराध संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। साहिबाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत गली नंबर ३६ करैहड़ा में अपने पति के साथ रहने वाली नवविवाहिता मानवी उर्फ मंजू पत्नी विशाल उर्फ वंश की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हो गई थी। उसका शव फंदे पर लटका मिला था।
उक्त घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची साहिबाबाद थाना पुलिस ने युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिये भिजवाकर जांच करनी शुरू कर दी थी। उधर जैसे ही मानवी की मौत की सूचना उसके मायके वालों को चली तो वो भी अपने बहनोई के घर पर पहुंच गये। पहले तो उन्होंने हंगामा किया और फिर करैहडा रोड पर जाम लगा दिया। पुलिस की घंटों की मशक्कत के बाद आक्रोशित लोगों ने जाम खोला। जाम लगाने वालों में शामिल मृतका मानवी उर्फ मंजू के भाई सुभाष ने बताया कि उन्होंने अपनी बहन की शादी इसी साल फरवरी माह में २२ तारीख का विशाल वंश से की थी। शादी के बाद से ही उनकी बहन को उसके ससुराल वाले दहेज के लिये प्रताडि़त करने लगे थे। इस संदर्भ में एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सैना का कहना है कि पुलिस ने मृतका के भाई सुभाष निवासी सिरोरा सलेमपुर टीला मोड़ की तहरीर के आधार पर मानवी के पति, विशाल उर्फ वंश, उसके ससुर व अन्य ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या की एफआईआर दर्ज कराई है।