गाजियाबाद (युग करवट)। इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस मोहन नगर में फैकल्टी इलेवन एवं स्टाफ इलेवन के बीच 10 ओवर के एक रोमांचक क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। फैकल्टी इलेवन ने स्टाफ इलेवन को दो विकेट से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। इस अवसर पर आईटीएस द एजुकेशन ग्रुप के वाइस चेयरमैन अर्पित चड्ढा ने कहा कि इस प्रकार की खेल गतिविधियाँ संस्थान में सकारात्मक वातावरण, आपसी सौहार्द एवं टीम भावना को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ आईटीएस के निदेशक डॉ. सुनील कुमार पाण्डेय, आईटीएस स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के निदेशक डॉ. अजय कुमार एवं आईटीएस यूजी कैंपस की प्राचार्या डॉ. नैन्सी शर्मा द्वारा किया गया। मैच में डॉ. डी.के. पाण्डेय एवं आरएस चावला ने अनुभवी अंपायरों की भूमिका निभाते हुए निष्पक्ष एवं कुशलतापूर्वक मैच का संचालन किया।