नोएडा (युग करवट)। नोएडा प्राधिकरण ने दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम शुरू किया है। सेक्टर-56 में 1.42 करोड़ रुपये की लागत से तैयार सीवर संपवेल और लाइन का लोकार्पण किया गया। सेक्टर-51 में केंद्रीय विहार के पास सिंचाई विभाग के नाले पर 4.83 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले संपवेल का शिलान्यास किया गया। सेक्टर-56 में 142.61 लाख रुपये की लागत से सीवर निष्पादन के लिए संपवेल का निर्माण और सीवर लाइन डालने का कार्य कराया गया है। इसका लोकार्पण सांसद महेश शर्मा और विधायक पंकज सिंह ने किया। इसके अलावा सेक्टर-34 के सामने सेक्टर-51 क्षेत्र में केंद्रीय विहार के पास सिंचाई विभाग के नाले पर 483.34 लाख रुपये की लागत से संपवेल का शिलान्यास भी किया गया। कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, अमित त्यागी समेत अन्य लोग मौजूद रहे। दोनों परियोजनाओं के पूरा होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में सीवर निकासी और जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।