लोनी में पंचायतों से गरमाया माहौल
गाजियाबाद (युग करवट)। विधायक नंदकिशोर गुर्जर के बारे में अपशब्द कहे जाने को लेकर आज निठौरा गांव रिस्तल में उनके समर्थन में बड़ी महापंचायत हुई।
महापंचायत में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर विधायक के समर्थन में आवाज बुलंद की और कथित तौर पर विधायक के खिलाफ अपशब्द कहे जाने को लेकर नाराजगी जताई। महापंचायत में कुछ लोगों ने आरोपी के मकान पर बुलडोजर कार्रवाई और पुलिस एनकाउंटर जैसी कठोर कार्रवाई की मांग भी उठाई। महापंचायत में ग्रामीणों ने कहा कि लोनी में आपसी सौहार्द और कानून-व्यवस्था बिगाडऩे की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ग्रामीणों ने पुलिस- प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कानून के मुताबिक कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। वहीं, मामले को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले कुछ लोगों पर भी ग्रामीणों ने निशाना साधा। महापंचायत में ऐसे लोगों को लेकर ‘समाज का जयचंद’ जैसे तीखे शब्दों का इस्तेमाल किया गया और उनके रवैये पर नाराजगी जताई गई। महापंचायत में ग्रामीणों ने साफ कहा कि उनकी मांगों को गंभीरता से लिया जाए और पुलिस जल्द कार्रवाई करे। साथ ही लोनी में तनाव बढ़ाने या माहौल खराब करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।