गाजियाबाद (युग करवट)। शहर भर में होने वाली रामलीलाओं के किराया शुल्क में मेयर सुनीता दयाल ने बड़ी छूट दे दी है। रामलीला समितियों से भारी भरकम किराया वसूलने का मामला नगर निगम कार्यकारिणी उपाध्यक्ष प्रवीण चौधरी ने उठाया था। उन्होंने मांग की थी रामलीला एक धार्मिक और सामाजिक आयोजन है इसलिए नगर निगम को अपना किराया कम करना चाहिए। मेयर सुनीता दयाल ने इस बात को समझा और रामलीला के आयोजन पर वसूले जाने वाले किराए में अस्सी प्रतिशत की छूट देने घोषणा की। इसके लिए मेयर सुनीता दयाल ने महापौर ने नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मालिक व पार्षदों के साथ बैठक की। बैठक में सभी ने इस छूट की घोषणा पर महापौर की सराहना की और महापौर के निर्णय को स्वीकार करने की बात कही। नगर आयुक्त द्वारा भी इस निर्णय की सहमति दी गयी और महापौर द्वारा पत्र जारी कर सभी अविवादित व रजिस्ट्रर्ड रामलीला समितियों को 80 प्रतिशत की छूट के आदेश किये है। बैठक में अपर नगर आयुक्त अवनेंद्र सिंह,पार्षद उदित मोहन,पार्षद अजय शर्मा, पार्षद नरेश जाटव, पार्षद देवनारायण शर्मा, पार्षद ओमप्रकाश, पार्षद पवन गौतम,पार्षद नितिन कुमार, पार्षद रेखा गोस्वामी, पार्षद सुमनलता पाल,मुख्य अभियंता एन के चौधरी, उद्यान प्रभारी डॉ अनुज सिंह आदि उपस्थित रहे।