पूर्व सांसद रमेश चंद तोमर ने सीएम के समक्ष उठाया मुद्दा
गाजियाबाद (युग करवट)। धौलाना में लम्बे समय से रिलांयस प्रोजेक्ट से प्रभावित किसानों को जल्द मुआवजा मिलेगा। जिसे लेकर किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई है। पूर्व सांसद रमेश चंद तोमर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उन्हें किसानों की समस्याओं से न सिर्फ अवगत कराया बल्कि उसके निस्तारण की भी मांग की। सीएम योगी ने पूर्व सांसद की मांग पर तत्काल ऊर्जा निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि योजना से प्रभावित किसानों को जमीन का मुआवजा दिया जाए। साथ ही इस जमीन का अधिग्रहण करने के निर्देश भी सम्बंधित विभाग को सीएम योगी ने दिए हैं। सीएम योगी के इस कदम से किसानों में खुशी का माहौल है जिसके लिए न सिर्फ उन्होंने सीएम योगी का आभार जताया वहीं पूर्व सांसद रमेश चंद तोमर द्वारा किसानों की आवाज उठाने पर उनका आभार जताते हुए कहा कि जिले के अन्य जनप्रतिनिधि किसानों की इस समस्या को लेकर कोई कदम नहीं उठा रहे थे, जबकि पूर्व जनप्रतिनिधि रमेश चंद तोमर के पास यह मामला पहुंचा तो उन्होंने तत्काल सीएम योगी के समक्ष समस्या को रखा और उसका निस्तारण कराया। जनप्रतिनिधि ऐसा ही होना चाहिए जो सिर्फ समस्या सुने नहीं बल्कि उसका समाधान भी कराएं।
बता दें कि लम्बे समय से रिलायंस प्रोजेक्ट से प्रभावित किसान मुआवजे की मांग कर रहे थे, लेकिन उनकी समस्या का कोई समाधान नही हो सका था, लेकिन अब पूर्व सांसद द्वारा सीएम योगी के समक्ष मामला रखने से इसका निस्तारण होने से किसानों में खुशी की लहर है।