गाजियाबाद (युग करवट)। चौधरी चरण सिंह गंगनहर कांवड़ पटरी मार्ग पर निवाड़ी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात ट्रक की टक्कर से पिकअप सवार तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य घायल हो गए। घायलो में एक की हालत नाजुक बनी हुई है। श्रद्धालुओं से भरी पिकअप राजस्थान से हरिद्वार जा रही थी। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि हादसे में रमेश पुत्र छोटेलाल, रतन पुत्र भजनलाल, सरजीत पुत्र खुशीराम निवासी गांव कलगांव जनपद अलवर राजस्थान की मौत हो गई। एसीपी के अनुसार नई पिकअप खरीदने के बाद ये लोग राजस्थान से गंगनहर कांवड़ पटरी मार्ग होते हुए हरिद्वार गांग स्नान के लिए जा रहें थे। जैसे ही ये निवाड़ी थाना क्षेत्र में पहुंचे तभी सामने से आ रहें एक बेकाबू ट्रक ने महेंद्रा पिकअप में टक्कर मार दी। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक और क्लीनर को हिरासत में लेकर ट्रक कब्जे में लिया।