नोएडा (युग करवट)। थाना सेक्टर 39 क्षेत्र के छलेरा गांव में रहने वाले एक पति ने मारपीट कर पत्नी को बेहोश कर दिया। महिला का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। उसकी शिकायत पर सेक्टर-39 थाने की पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। छलेरा गांव निवासी पूजा चौहान ने सेक्टर-39 थाने में शिकायत दी है कि उनके पति धमेंद्र चौहान देर रात ढाई बजे घर पर शराब पीकर आए।
नशे में उन्होंने उसके साथ मारपीट की। उन्होंने उसको थप्पड़ मार मारकर बेहोश कर दिया। किसी तरह महिला ने अपनी जान बचाई। मारपीट के बाद धर्मेंद्र ने पत्नी से कहा कि अगर उसने मामले की शिकायत पुलिस से की तो उसे जान से मार देगा। थाना सेक्टर 39 के प्रभारी निरीक्षक डीपी शुक्ल ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज करने के बाद आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। महिला का कहना है कि शराब के नशे में पति पहले भी उसके साथ मारपीट कर चुका है।