व्यक्ति जाति, पंथ व संप्रदाय की आस्था के विषय में अमर्यादित टिप्पणी स्वीकार नही मुख्यमंत्री
लखनऊ (युग करवट)। उत्तर प्रदेश पुलिस उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा में प्रश्न पत्र संबंधी मामले पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रवैया अपनाया है। मुख्यमंत्री ने सभी भर्ती बोर्ड के चेयरपर्सन्स को निर्देश दिया कि किसी भी व्यक्ति, जाति, पंथ,सम्प्रदाय की मर्यादा एवं आस्था के विषय में अमर्यादित टिप्पणी न हो। ऐसी टिप्पणी किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि इसका संज्ञान लेते हुए सभी पेपर सेटर्स को भी निर्देशित करें और हैबिचुअल ऑफेंडर्स को तत्काल प्रतिबंधित किया जाए। यह विषय पेपर सेटर्स के एमओयू का भी हिस्सा बनाएं। उत्तर प्रदेश की सब इंस्पेक्टर की परीक्षा में ‘अवसरवादी’ शब्द के विकल्प में ‘पंडित’ दिए जाने पर बवाल मचा हुआ है। यह सवाल 14 मार्च को सब- इंस्पेक्टरों की भर्ती के लिए आयोजित लिखित परीक्षा के हिंदी अनुभाग में पूछा गया था। इसमें उम्मीदवारों से ऐसे व्यक्ति के लिए एक शब्द का उत्तर चुनने को कहा गया था जो अवसर के अनुसार बदल जाता है। विकल्पों में पंडित, अवसरवादी, निर्दोष, और सदाचारी शामिल थे। इस प्रश्न से प्रदेश में राजनीतिक विवाद भी खड़ा हो गया है। पूरे मामले को लेकर बोर्ड का भी बयान आया है। बोर्ड ने कहा कि जांच के बाद दोषियों की पहचान की जाएगी और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।