असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु में एक चरण और पश्चिम बंगाल में होंगे दो चरणों में चुनाव
नई दिल्ली (युग करवट)। भारत निर्वाचन आयोग ने बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में इन राज्यों में चुनावी कार्यक्रम की घोषणा की। असम, केरल, तमिलनाडु और पुडेचेरी में एक चरण में और पश्चिम बंगाल में दो चरणों में मतदान होंगे। पांचों राज्यों के चुनाव नतीजे 4 मई, 2026 को घोषित होंगे.
पांचों विधानसभाओं का कार्यकाल मई में खत्म हो रहा ह। चुनावी तारीखों के ऐलान के साथ ही इन सभी राज्यों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। असम, केरल और पुडुचेरी में 9 अप्रैल को वोटिंग होगी। तमिलनाडु में 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। पश्चिम बंगाल में मतदान प्रक्रिया दो चरणों में संपन्न होगी और यहां 23 और 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। पश्चिम बंगाल का 7 मई, तमिलनाडु का 10 मई, असम का 20 मई और केरल विधान सभा का कार्यकाल 23 मई को पूरा हो रहा है। पुडुचेरी विधान सभा का कार्यकाल सबसे बाद यानी 15 जून को समाप्त हो रहा है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि आयोग मतदान प्रक्रिया में पारदर्शिता और निगरानी को मजबूत करने के लिए चारों राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में 2026 के विधानसभा चुनावों के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग की सुविधा प्रदान करेगा। ज्ञानेश कुमार ने कहा, किसी भी लोकतंत्र की नींव पारदर्शी मतदाता सूची होती है। इसी उद्देश्य से संविधान के अनुच्छेद 326 के तहत विशेष गहन पुनरीक्षण किया जा रहा है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी पात्र मतदाता छूट न जाए और कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो। पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग की तैयारियां तेज हो गई हैं. इन राज्यों में कुल 17.4 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंग। चुनाव के लिए 824 विधानसभा सीटों पर मतदान कराया जाएगा। इसके लिए करीब 2.19 लाख मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा और पारदर्शिता के साथ मतदान की व्यवस्था की जाएगी। पूरे चुनावी प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए लगभग 25 लाख चुनाव अधिकारी और कर्मचारी तैनात किए जाएंगे, जो मतदान से लेकर मतगणना तक की जिम्मेदारी संभालेंगे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि आयोग ने एसआईआर के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को भी प्रोत्साहित किया। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि पिछले कुछ दिनों के दौरान आयोग ने आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए सभी चुनावी राज्यों का दौरा किया। इस दौरान आयोग ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से मुलाकात की और उनके सुझाव प्राप्त किए. उन्होंने आगे कहा कि आयोग ने जिला निर्वाचन अधिकारियों, एसपी, आईजी, डीआईजी और सभी प्रवर्तन एजेंसियों के नोडल अधिकारियों से भी मुलाकात की।