गैस एजेंसियों के नाम से कर रहे हैं कॉल
नई दिल्ली (युग करवट)। आपदा में अवसर केवल कालाबाजारी करने वाले ही नहीं तलाश रहे हैं। इस मुहिम में अब ठग भी सक्रिय हो गए हैं। जो लोगों को फंसाकर उनके बैंक खाते खाली कर रहे हैं। दिल्ली पुलिस ने नागरिकों को साइबर धोखाधड़ी के प्रति सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है। यह चेतावनी एलपीजी की उपलब्धता को लेकर चल रही घबराहट के बीच दी गई है। साइबर अपराधी इस स्थिति का फायदा उठाकर लोगों को ठगने और उनकी गाढ़ी कमाई चुराने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस ने संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने की सलाह दी है। अज्ञात नंबरों से आने वाली गैस एजेंसियों के दावों वाली कॉल पर भरोसा न करें। साइबर अपराधी धोखाधड़ी वाले लिंक और कॉल के माध्यम से उपयोगकर्ताओं को फंसा रहे हैं। दिल्ली पुलिस ने एक्स पर एक पोस्ट साझा की। इसके साथ ही एक जागरूकता वीडियो भी जारी किया गया। वीडियो में बताया गया है कि धोखेबाज कैसे घबराहट पैदा कर गैस बुकिंग या आपूर्ति पुष्टि के लिंक पर क्लिक करने को उकसाते हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, ऐसे लिंक से व्यक्तिगत या बैंकिंग विवरण चोरी होकर वित्तीय नुकसान हो सकता है। धोखेबाज गैस एजेंसी के प्रतिनिधि बनकर निवासियों को कॉल कर सकते हैं। वे सिलिंडर सुरक्षित करने के लिए तत्काल सत्यापन या पंजीकरण का दावा करते हैं। पीडितों को मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से भेजे गए लिंक पर क्लिक करने को कहा जाता है। उन्हें फाइलें डाउनलोड करने के लिए भी कहा जा सकता है। नागरिकों को ऐसी किसी भी गतिविधि से बचना चाहिए।