गाजियाबाद (युग करवट)। वेवसिटी बिल्डर के खिलाफ चल रहे आंदोलन के बीच शुक्रवार को डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़ की अध्यक्षता में जीडीए सभागार में जीडीए वीसी नंदकिशोर कलाल और किसानों के बीच वार्ता हुई। करीब डेढ़ घंटा हुई वार्ता में कोई खास नतीजा नहीं निकला। वार्ता में किसानों ने समझौता आदि से सम्बंधित दस्तावेज प्रस्तुत किए। किसान नेता अनुज चौधरी ने बताया कि अधिकारियों के समक्ष उन्होंने सभी दस्तावेज प्रस्तुत किए। अधिकारियों ने उनका अवलोकन किया। हालांकि इसके बाद अधिकारियों ने कहा कि इन दस्तावेजों की गहनता से जांच करेंगे, इसके बाद ही इस मामले में आगे कोई निर्णय लिया जाएगा। इसके लिए अगले दौर की वार्ता का समय जीडीए द्वारा दिया गया है। अनुज चौधरी ने कहा कि जब तक इस मामले पर कोई ठोस निर्णय नहंी लिया जाता, तब तक आंदोलन इसी तरह जारी रहेगा। अगली बैठक में जो भी निर्णय निकलेगा वह आगे के आंदोलन की रूपरेखा तैयार करेंगे। यहां तक की अगर उनकी मांगे नहीं मानी गई या कोई बेहतर रास्ता नहीं निकला तो इससे भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा।