नई दिल्ली (युग करवट)। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने एआई इम्पैक्ट समिट में भाग लिया। इस दौरान मैक्रों ने राफेल को लेकर भी बड़ा बयान दिया।
उन्होंने कहा कि हम विस्तार करने जा रहे हैं। हम सह उत्पादन की इच्छा रखते हैं। मेक इन इंडिया इसकी नई कमान होगा। राफेल भारत में बनेंगे। जब मैक्रों से जब राफेल को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मुझे नहीं पता कि लोग इसकी आलोचना क्यों करते हैं। इससे आपके देश को मजबूती मिली है। मैक्रों ने भारत के साथ 114 राफेल लड़ाकू विमानों की डील का बचाव करते हुए इस समझौते को लेकर उठ रही आलोचनाओं को खारिज किया। उन्होंने कहा कि ये फाइटर जेट भारत को सैन्य रूप से और अधिक मजबूत बनाते हैं और दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करते हैं। मैक्रों ने कहा कि इस डील का व्यावसायिक पहलू दसॉल्ट एविएशन और आपकी सरकार के बीच संवाद का हिस्सा है।
मुझे समझ नहीं आता कि लोग इसकी आलोचना कैसे कर सकते हैं क्योंकि यह आपके देश को मजबूत बनाता है। हमारे बीच रणनीतिक संबंधों को बढ़ाता है और यहां अधिक रोजगार भी पैदा करता है। मैक्रों का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब एक हफ्ते पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अगुवाई में रक्षा अधिग्रहण परिषद ने 114 राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद को मंजूरी दी थी।
करीब 3.25 लाख करोड़ रुपये की इस मेगा डील को मैक्रों की भारत यात्रा से ठीक पहले हरी झंडी मिली।