नोएडा (युग करवट)। यमुना विकास प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर-28 में होने वाली मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए पुलिस कमिश्नर बुधवार को रबूपुरा पहुंची। उन्होंने जनसभा स्थल का निरीक्षण किया और सीएम के हैलीकॉप्टर के लिए बनाए जा रहे हेलीपैड की व्यवस्था भी जांची। उनके साथ अन्य पुलिस अधिकारी भी रबूपुरा में मौजूद रहे और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
सेक्टर-28 में सेमीकंडक्टर यूनिट की आधारशिला कार्यक्रम मेंभारत के प्रधानमंत्री वर्चुअल तरीके से शामिल होंगे और लोगों को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में मुखिया सीएम योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री भी शामिल होंगे। जनसभा में लगभग पांच हजार लोगों के शामिल होने की व्यवस्था की गई है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह यहां के सुरक्षा इंतजामों को जांचने के लिए रबूपुरा पहुंची थी। वहीं यमुना प्राधिकरण के सीईओ आरके सिंह ने एचसीएल कंपनी के अधिकारियों को तैयारियों को लेकर विभिन्न दिशा-निर्देश दिए हैं।