नोएडा (युग करवट) थाना बिसरख क्षेत्र मे स्थित सुपरटेक ईकोविलेज- 3 सोसाइटी में रहने वाले करीब 30 लोग शिवरात्रि के पर्व पर दूषित कुट्टू का आटा खाने से बीमार हो गए। उन्हें उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कुट्टू के आटा बेचने वाली दुकानदार और उन्हें कूट्टू का आटा सप्लाई करने वाले स्टोर को सील कर दिया है।
थाना बिसरख के प्रभारी निरीक्षक कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि उपचार के दौरान कुछ लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि कुछ लोग अभी भी उपचाराधीन है। उन्होंने बताया कि इस मामले में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सैयद इबादुल्लाह खाद्य ने विकास जनरल स्टोर और प्रशांत जनरल स्टोर के मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। उन्होंने बताया कि दोनों दुकानों को सील कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि दोनों दुकानदारों ने चिपियाना स्थित एक गोदाम से कूट्टू का आट्टा खरीदा था। उक्त गोदाम को भी सील कर दिया गया है।