गाजियाबाद (युग करवट)। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक शहर से निकलने वाले कांच के वेस्ट को भी निस्तारित करने की योजना बना रहे हैं। इसी क्रम में कांच की वेस्ट बोतलों का पुन: उपयोग करते हुए सुंदर उत्पाद बनाने का प्लांट शुरू किया गया है, अकबरपुर-बहरामपुर, विजयनगर में जहां पर निगम का एमआरएफ सेंटर है वहीं ग्लास अप साइकलिंग शुरुआत की भी शुरुआत की गई है। इसमें पुरानी, खराब, अन उपयोगी तथा कूड़े के ढेर से, नालियों में पड़ी रहने वाली कांच की बोतल का रीयूज किया जा रहा है। कांच की बोतल को नया स्वरूप देते हुए कैंडल स्टैंड, पेन स्टैंड, आकर्षक स्टैचू, क्रोकरी आइटम, गिलास व अन्य बनाए जा रहे हैं। इस अवसर पर पॉन्ड मैन ऑफ इंडिया के नाम से विख्यात पर्यावरण विद् रामवीर सिंह तंवर द्वारा नगर निगम को शुभकामनाएं दी गईं। नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक ने बताया कि शहर की समस्या के समाधान के लिए कांच के वेस्ट का निस्तारण को सरल बनाया गया है। इसमें स्वयं सहायता समूह की महिलाओं का भी सहयोग लिया गया है। शहर में घरों से तथा प्रतिष्ठानों से निगम की गाडिय़ां कांच के कचरे को एकत्र करेंगी। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डाक्टर मिथिलेश को अधिक बड़े स्तर पर गिलास अप साइकलिंग सेंटर को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए।