सोशल प्लेटफार्म पर रील बनाकर व्यूज की ऐसी भूख नई जनरेशन को लगी है कि सामाजिक मर्यादाओं का सरे आम कत्ल ही कर दिया जाता है। छोटों के मान और बड़ों के सम्मान का जनाजा तो कब का निकाल दिया गया। अब पारिवारिक मूल्यों की पुडिय़ा बनाकर पानी में बहा दी गई है। अब बच्चे मोबाइल फोन को लेकर अपने माता-पिता की भी नहीं सुनते। आप किसी सोशल प्लेटफार्म पर चले जाइए ऐसी अनेक वीडियो आपको मिल जाएगी कि जिनमें केवल लडक़े ही नहीं लड़कियां भी बदतमीजी करती हैं, कई बार तो अश्लीलता की सभी हदें पार कर दी जाती हैं। अब एक नया ट्रेंड चल पड़ा है कि लड़कियां और महिलाएं शराब पीते हुए रील बनाती हैं, शराब के अलग अलग ब्रेंड और तरीके बताते हुए रील बनाती हैं। इनके परिवार वाले शर्म में मरे जा रहे हैं और इनकी व्यूज की भूख है कि खत्म ही नहीं हो रही है। सरकारी नौकरी खासकर पुलिस में रील का शौक सामने आने लगा है। अश्लील कटेंट देने वाले कई इंफ्लेरेंस के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की गई है। मगर उसे भी कोई बहुत अधिक फर्क पड़ा नहीं है। रील ने लोगों की लाइफ बदल दी है। कई बार बच्चों को भी रील का हिस्सा बना लिया जाता है। अब मुजरा देखने के लिए किसी विशेष स्थान को ढूंढने की तो कोई आवश्यकता ही नहीं है। बस किसी भी सोशल प्लेटफार्म पर थोड़ी देर स्क्रीन को स्क्रोल कीजिए किसी ना किसी का डांस सामने आ ही जाएगा। भोंडे और अश्लील डांस की तो आपको भरमार मिल जाएगी। लेकिन सभी इस भेड़चाल में शामिल हैं ऐसा भी नहीं है। कुछ लोग हैं जो समाज को जागृत करने, जागरुक रखने की रील बना रहे हैं। अपनी रील से लोगों को धार्मिक बनाने का प्रयास कर रहे हैं। कुछ लोग धर्म और तीर्थ स्थलों की जानकारी साझा करते हैं। कुछ लोग धरोहरों की बात भी कर रहे हैं। कुछ पुलिकर्मी हैं जो लोगों को सर्तक करते हैं। ऐसे लोगों की रील को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। समाज को गंदा करने वाली रील का प्रतिबंधित करने की जरूरत है ताकि उन्हें कोई ना देखे, तब ही लोग उन्हें बनाना बंद करेंगे।